ललित नारायण मिश्रा संस्थान में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय ई-गवर्नेस प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ भव्य शुभारंभ

पटना | 29 दिसंबर 2025: पटना के प्रतिष्ठित ललित नारायण मिश्रा आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान (LNMI) में आज पंचायती राज विभाग के सौजन्य से ई-गवर्नेस पर आधारित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय ‘प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण’ (ToT) कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पंचायती राज मंत्री श्री दीपक प्रकाश, पंचायती राज विभाग के निदेशक सह परियोजना निदेशक श्री नवीन कुमार सिंह, संस्थान के कुलसचिव श्री सुधीर कुमार एवं सहायक प्राध्यापक सह उप कुलसचिव डॉ. प्रीति सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस तीन दिवसीय कार्यशाला में राज्य भर के जिला प्रोग्रामर, BAF (ब्लॉक अकाउंट्स फैसिलिटेटर) एवं DPRC (जिला पंचायत संसाधन केंद्र) के अन्य संबंधित कर्मी भाग लिए। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पंचायती राज व्यवस्था में ई-गवर्नेस को सुदृढ़ करना, डिजिटल पारदर्शिता लाना और सरकारी योजनाओं के ऑनलाइन निष्पादन में कर्मियों को दक्ष बनाना है।
मंत्री श्री दीपक प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि डिजिटल युग में पंचायतों का सशक्तिकरण ई-गवर्नेस के बिना अधूरा है। उन्होंने कर्मियों से तकनीक को अपनाकर भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी शासन व्यवस्था सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
निदेशक श्री नवीन कुमार सिंह ने तकनीकी बारीकियों और डेटा प्रबंधन की महत्ता पर प्रकाश डाला।
डॉ. प्रीति सिंह ने संस्थान की ओर से अतिथियों का स्वागत किया और प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत की।
यह प्रशिक्षण आगामी दो दिनों तक जारी रहेगा, जिसमें विभिन्न तकनीकी सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को ई-ग्राम स्वराज पोर्टल, ऑडिट ऑनलाइन और अन्य डिजिटल प्लेटफार्मों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
