शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) में 1.20 लाख शिक्षकों की बहाली निकाले नीतीश-भाजपा सरकार : अरुण यादव
पटना: 06 जनवरी; 2026
राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने कहा कि शिक्षक अभ्यर्थियों की मांगों के अनुरूप शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) चौथे चरण में 1.20 लाख शिक्षकों की बहाली को लेकर नोटिफिकेश नीतीश-भाजपा सरकार अविलंब जारी करें। क्योंकि सरकार ने 2025 के अगस्त में ही शिक्षक भर्ती परीक्षा(TRE-4) सम्पन्न कराने की बात कहीं थी, लेकिन अभी तक नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कई बार शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) के तहत 1.20 लाख बहाली का ऐलान कर चुके हैं। सरकार ऐसे में 1.20 लाख से कम बहाली निकालने की बात कर शिक्षक अभ्यर्थियों के साथ क्रूर मजाक कर रही है।

राजद प्रवक्ता ने कहा कि नीतीश-भाजपा सरकार की युवाओं को सरकारी नौकरी मुहैया कराने को लेकर कभी मंशा सही नहीं रही है। नई सरकार ने एक करोड़ नौकरी रोजगार देने की बात कही है। नई सरकार गठन के तीन माह पूरा होने पर नीतीश-भाजपा सरकार द्वारा किए गए वादे जमीन पर कितना उतरा इसका मूल्यांकन राजद करेगी।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि महागठबंधन की सरकार में तेजस्वी यादव जी के प्रण अनुरूप दो माह में कुल 2 लाख 16 हजार 359 शिक्षकों की बहाली की गई थी। जो अपने आप में ऐतिहासिक था। तेजस्वी यादव जी ने 17 माह के सेवा काल में 5 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी देकर एक कीर्तिमान स्थापित किया था।
